छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, पंजीयन क्रमांक 6424, जिला शाखा बिलासपुर ने वर्ष 2026 का कैलेंडर जारी किया है। इस कैलेंडर में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा घोषित शासकीय सामान्य अवकाश, ऐच्छिक अवकाश एवं अन्य अवकाशों की सम्पूर्ण जानकारी सम्मिलित की गई है, जो सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों स्कूलों के शिक्षकों और अधिकारियों के लिए वर्ष भर की कार्यक्रमों की योजना बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
कैलेंडर का विमोचन बिलासपुर शहर के विधायक माननीय अमर अग्रवाल के कर कमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कैलेंडर शासकीय कर्मचारियों और कार्यालयों के लिए अत्यंत उपयोगी है, जिससे उन्हें अवकाशों की पूर्व जानकारी मिल सकेगी और वे अपने कार्य योजना को बेहतर बना सकेंगे।
कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों में आर पी शर्मा, जिला संरक्षक; चन्द्रशेखर पाण्डेय, जिला अध्यक्ष; शिव शंकर श्रीवास, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष; विनय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष; चन्द्रकांत कश्यप, जिला उप सचिव; डा शीला शर्मा, वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ; कमलकांत शुक्ल, डी आर श्रीवास, ईश्वर कुमार भारती, गोपी श्रीवास सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
चन्द्रशेखर पाण्डेय ने बताया कि यह कैलेंडर कर्मचारी साथियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है और जिला के सभी विभागों में वितरित किया जाएगा।