*रोजगार मेले में 600 से अधिक युवाओं को मिली नौकरी,मुख्यमंत्री का जताया आभार*
*कोरबा के दो युवाओं को संभागायुक्त और कलेक्टर ने सौंपा नियुक्ति पत्र*
बिलासपुर, 13,फरवरी/ लंबे समय से रोजगार की तलाश में भटक रहे युवाओं के लिए आयोजित संभाग स्तरीय रोजगार मेला नई उम्मीद और अवसर लेकर आया। इस मेले के माध्यम से संभाग के 600 से अधिक युवाओं को नौकरी मिली वहीं 1000 से अधिक युवाओं का चयन प्राथमिक स्तर पर हुआ है। कोरबा जिले के निवासी दो युवा अभिषेक बंजारे और राजकुमार पटेल को कोरबा की ही एक प्रतिष्ठित निजी कंपनी में नौकरी मिकी है। चयन की सूचना मिलते ही दोनों युवाओं और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई।
अभिषेक और राजकुमार ने बताया कि वे पिछले कई महीनों से रोजगार की तलाश कर रहे थे। विभिन्न स्थानों पर आवेदन करने और साक्षात्कार देने के बावजूद उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिल पा रही थी। ऐसे में यह रोजगार मेला उनके लिए काफी सहायक सिद्ध हुआ। जहां एक ही स्थान पर अनेक निजी कंपनियों द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। मेले में भाग लेने के बाद उनकी योग्यता और कौशल के आधार पर चयन किया गया। चयन के बाद उन्हें संभाग आयुक्त श्री सुनील जैन और बिलासपुर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने नियुक्ति पत्र सौंपा।
दोनों युवाओं ने कहा कि नौकरी मिलने से अब उनके जीवन में स्थायित्व आएगा और भविष्य को लेकर जो अनिश्चितता थी, वह काफी हद तक दूर हो गई है। उन्होंने कहा कि आर्थिक आत्मनिर्भरता किसी भी युवा के आत्मसम्मान को मजबूत करती है। अब छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए माता-पिता पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे परिवार की जिम्मेदारियों में भी सहयोग कर सकेंगे।
अभिषेक बंजारे ने बताया कि रोजगार मेले में पारदर्शी प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार लिया गया और कंपनियों ने सीधे युवाओं से संवाद स्थापित किया। वहीं राजकुमार पटेल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समय और संसाधनों की बचत होती है, क्योंकि एक ही मंच पर विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा युवाओं के हित में संचालित कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण, स्वरोजगार योजनाओं एवं ऋण सुविधाओं की भी सराहना की। युवाओं का कहना है कि तकनीक आधारित प्रशिक्षण,कौशल उन्नयन कार्यक्रम और स्वरोजगार के लिए सहज ऋण उपलब्धता जैसी विभिन्न योजनाओं से उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिल रही है। इसी तरह रोजगार मेले में सतीश कुमार, चित्रकांत कश्यप, शैलेन्द्र बारा, विक्रम सिंह सिदार
शुभम वस्त्राकार, प्रियंशु कश्यप सहित सैकड़ों युवाओं ने नौकरी मिलने पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार जताया।