शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित एक स्पा सेंटर में काम करने वाली युवती ने गंभीर शोषण का आरोप लगाया,,,


बिलासपुर । शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित एक स्पा सेंटर में काम करने वाली युवती ने गंभीर शोषण का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि स्पा संचालक और मैनेजर ने उसे जबरन देह व्यापार में धकेला और काम छोड़ने की बात कहने पर छह महीने का बकाया वेतन भी नहीं दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि सरगुजा जिले की रहने वाली युवती करीब आठ महीने पहले रोजगार की तलाश में बिलासपुर आई थी। उसे सत्यम चौक के पास स्थित आइवेरी स्पा सेंटर में नौकरी दी गई थी। स्पा की संचालक पूजा ढकाल और मैनेजर नीरू तमांग ने उसे आश्वासन दिया था कि घर लौटने के समय एकमुश्त पूरी रकम का भुगतान किया जाएगा। इस दौरान हर महीने उसे केवल जरूरत के अनुसार कुछ पैसे दिए जाते रहे, जबकि शेष वेतन रोककर रखा गया।


पीड़िता के अनुसार, जब उसने अपना पूरा वेतन मांगा और घर जाने की इच्छा जताई, तो आरोपियों ने उसे कथित तौर पर जबरन देह व्यापार के लिए मजबूर किया। युवती का आरोप है कि मजबूरी में उसने एक बार उनकी बात मानी, इसके बावजूद उसका बकाया वेतन नहीं दिया गया। लगातार मानसिक और शारीरिक शोषण से परेशान होकर उसने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।


पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 143(1)(2), 296, 351(3), 3(5) और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शहर के अन्य स्पा सेंटरों की भी सघन जांच की जाएगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।


Previous Post Next Post