कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक लेकर की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की**गॉवों में पेयजल की समस्या को दूर करने करें पूर्व तैयारी: कलेक्टर


*कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक लेकर की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की*

*गॉवों में पेयजल की समस्या को दूर करने करें पूर्व तैयारी: कलेक्टर*

*पीएम सूर्यघर घरेलू बिजली बचत की महत्वपूर्ण योजना, बेहतर प्रगति के लिए दिए निर्देश*

मुंगेली, 03 फरवरी 2026// कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की समीक्षा बैठक लेकर शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुँचना चाहिए और इसके लिए सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने मुख्य सचिव श्री विकासशील द्वारा दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
     कलेक्टर ने जल जीवन मिशन अंतर्गत एफएचटीसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए गर्मी में पेयजल संकट से प्रभावित जिले के 177 गांवों के लिए अग्रिम कार्ययोजना बनाकर वैकल्पिक जल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी गांव में पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए और इसके लिए पूर्व तैयारी अनिवार्य है। उन्होंने जल प्रबंधन को मजबूत करने, समूह जल प्रदाय एवं भू-जल स्तर में वृद्धि के लिए बेहतर योजना बनाकर कार्य करने निर्देशित किया। उन्होंने स्कूलों एवं आंगनबाड़ियों में शौचालयों की नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने तथा जनपद सीईओ को अपने-अपने क्षेत्रों की पंचायतों का भ्रमण कर समस्याओं को चिन्हांकित कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने पीएम जनमन योजना अंतर्गत सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। 
     कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत लक्ष्य के विरुद्ध हुई प्रगति की जानकारी ली और लोरमी क्षेत्र में इंस्टॉलेशन कार्य में धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए सीएमओ लोरमी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर योजना शासन की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अवैध उत्खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की अनुविभागवार जानकारी ली और प्रभावी एवं सतत निगरानी रखकर अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाने निर्देशित किया।
          कलेक्टर ने अनुविभागवार राजस्व प्रकरणों की मदवार समीक्षा करते हुए विवादित एवं अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, अभिलेख अद्यतनीकरण सहित अन्य मामलों की जानकारी ली और राजस्व प्रकरणों में धीमी प्रगति पाए जाने पर पथरिया तहसीलदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने अधीनस्थ तहसीलदारों के लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर ने भू-अर्जन के कारण लंबित कार्यों की जानकारी लेते हुए नियमानुसार एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने निर्देशित किया। साथ ही वन अधिकार अधिनियम अंतर्गत फौती, नामांतरण प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा लक्ष्य अनुरूप प्रगति लाने निर्देश दिए। कलेक्टर ने अवैध वृक्ष कटाई पर सख्ती से रोक लगाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने, पीवीटीजी-एफआरए की कार्ययोजना तैयार कर पीएम किसान योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
      बैठक में फाइलेरिया (हाथी पांव) जैसी गंभीर बीमारी से बचाव एवं नियंत्रण के लिए जिले में 10 फरवरी से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाले सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी गई। अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों लोरमी, मुंगेली एवं पथरिया में चरणबद्ध रूप से दवा वितरण एवं सेवन कराया जाएगा। अभियान अंतर्गत 02 वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी नागरिकों को फाइलेरिया रोधी दवा एवं कृमिनाशक दवा का सेवन कराया जाएगा। इसी तरह 09 फरवरी से 18 फरवरी तक आयोजित होने वाले वजन त्यौहार के संबंध में भी बताया गया। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post