BREAKING NEWS= बिजली चोरी और हुकिंग करने वालों के विरुद्ध होगा एफ आई आर दर्ज= कलेक्टर


*बिजली चोरी और हुकिंग करने वालों के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई: कलेक्टर*

 *बिजली बिल की बचत के लिए सोलर पैनल लगाने की अपील*

मुंगेली, 25 फरवरी 2026// कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने बिजली चोरी और अवैध हुकिंग की बढ़ती घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में त्वरित एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिजली चोरी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि बिजली चोरी के कारण शासन को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है। अवैध हुकिंग और अनियमित कनेक्शन से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होती है, जिससे ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त भार पड़ता है और बार-बार फॉल्ट की स्थिति निर्मित होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर विशेष अभियान चलाया जाए जहां बिजली चोरी की शिकायतें अधिक प्राप्त हो रही हैं।
         कलेक्टर ने कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, किंतु इसमें जनसहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अवैध हुकिंग या बिजली चोरी की जानकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने जिन उपभोक्ताओं की बिजली खपत अधिक है, वे वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत के रूप में सोलर पैनल लगाने की सलाह दी। इससे न केवल बिजली बिल में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि सोलर ऊर्जा संबंधी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। 
    कलेक्टर ने राजस्व व विद्युत विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर बकाया वसूली, मीटर जांच और अवैध कनेक्शन की जांच करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से ही बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। साथ ही, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि, लाइन सुधार एवं मेंटेनेंस कार्यों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। 


Previous Post Next Post