*स्व. लखीराम अग्रवाल जी की पुण्य स्मृति में अखिल भारतीय रात्रिकालीन ड्यूस बॉल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ 21 मार्च से*
बिलासपुर। स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल जी की पुण्य स्मृति में राजा रघुराज सिंह स्टेडियम, बिलासपुर में अखिल भारतीय रात्रिकालीन ड्यूस बॉल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ 21 मार्च से होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता 29 मार्च तक आयोजित की जाएगी, जिसमें 8 राज्यों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक जी करेंगे, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर विधायक श्री अमर अग्रवाल जी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
शुभारंभ दिवस पर पहला मुकाबला नागपुर एवं गाजियाबाद के बीच शाम 4 बजे से खेला जाएगा। इसके पश्चात दूसरा मैच खड़गपुर एवं जौनपुर (उत्तर प्रदेश) की टीमों के बीच आयोजित होगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री प्रवीण दुबे जी ने जानकारी देते हुए बताया कि बिलासपुर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर इस प्रकार की प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। प्रतियोगिता को और आकर्षक बनाने के लिए आईपीएल की तर्ज पर चीयर लीडर्स की भी व्यवस्था की गई है।
दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन स्थानों पर पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है— सत्यम टॉकीज के सामने, बलराज पेट्रोल पंप के बाजू में, स्टेडियम परिसर के समीप तथा मौसाजी केक एंड बेक के पास।
आयोजन समिति ने बिलासपुरवासियों से आग्रह किया है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता का आनंद लें। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर एवं आईपीएल में खेल चुके अनुभवी खिलाड़ियों की भागीदारी से दर्शकों को उच्चस्तरीय और रोमांचक खेल देखने को मिलेगा।