*आईटीआई कोनी में एक दिवसीय स्टार्टअप एवं उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन*
बिलासपुर, 19 मार्च 2026/शासकीय आईटीआई कोनी में एक दिवसीय “स्टार्टअप एवं उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उद्योग केन्द्र के प्रबंधक श्री सुनील कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया, जिन्होंने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कार्यालय द्वारा उद्यमियों को उद्योग स्थापना के प्रत्येक चरण में उपलब्ध सहायता एवं अनुदान संबंधी जानकारी भी दी गई। इसके पश्चात् गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के इन्क्युबेशन सेंटर के सी.ई.ओ. श्री चैतन्य मेहर ने स्टार्टअप के विषय में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में प्रबंधक श्रीमती रेवती लहरे द्वारा औद्योगिक नीति 2024–30 के संबंध में उपस्थित छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम का संचालन आईटीआई कोनी की प्राध्यापक सुश्री संतोषी कौशिक द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्था के प्रभारी प्राचार्य श्री डी. के तिवारी, समस्त स्टाफ तथा कुल 257 प्रतिभागी उपस्थित रहे।