Chhattisgarh Udyamita Vikas Kendra द्वारा ग्राम बिनौरी में 02 दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ
बिलासपुर, 02 मार्च 2026।
Chhattisgarh Udyamita Vikas Kendra द्वारा ग्राम बिनौरी, बिलासपुर में 02 दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम 02 से 03 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्व-सहायता समूहों एवं स्थानीय समुदाय को उद्यमिता के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों से परिचित कराना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता डॉ. मनोहर लाल राजपूत रहे, जिन्होंने विशेष रूप से ट्राइकोडर्मा उत्पादन की वैज्ञानिक विधि, गुणवत्ता मानक, विधिक वैधीकरण, आवश्यक अनुज्ञापत्र एवं पंजीयन प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि ट्राइकोडर्मा उत्पादन को विधिसम्मत रूप से स्थापित कर ग्रामीण समूह बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान द्वारा संचालित पहल के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसके समन्वयक विनय यादव रहे। श्री विनय यादव ने अपने सत्र में उद्यम स्थापना की प्रक्रिया, परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने तथा शासकीय योजनाओं से लाभ प्राप्त करने संबंधी जानकारी दी।
इस अवसर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विस्तार विशेषज्ञ सुश्री सुप्रिया कश्यप, अमनप्रीत कौशिक एवं आलोक कुमार पांडेय ने भी प्रतिभागियों को व्यवसाय विस्तार एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच कविता मरावी, समूह लीडर सरिता द्विवेदी एवं सक्रिय महिला संतोषी जी सहित ग्राम के अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और उद्यम स्थापना एवं विस्तार को लेकर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं।
यह कार्यक्रम ग्रामीण स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने एवं कृषि आधारित उद्योगों को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।