*स्थापना दिवस पर भाजपा का 'बस्ती चलो अभियान': अमर अग्रवाल ने कहा— "मोदी सरकार की योजनाएं हर गरीब के जीवन में ला रही हैं खुशहाली"*
बिलासपुर।
भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के गौरवशाली अवसर पर आयोजित 'बस्ती चलो अभियान' के माध्यम से पूर्व मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने शहर के विभिन्न वार्डों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड क्रमांक 15 विकास नगर स्थित ग्रीन गार्डन कॉलोनी, वार्ड 61 पंडित देवकीनंदन दीक्षित नगर, वार्ड 69 बापू नगर, वार्ड 45 हेमू नगर, वार्ड 31 सरजू बगीचा एवं वार्ड 33 जूना बिलासपुर सहित कई क्षेत्रों में पहुँचकर क्षेत्रीय निवासियों और कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद किया।
बैठकों को संबोधित करते हुए श्री अमर अग्रवाल ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और प्रदेश के मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में संचालित जनहितकारी योजनाएं आज समाज के हर वर्ग के लिए वरदान साबित हो रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता में गरीब और वंचित वर्ग सबसे ऊपर है। श्री अग्रवाल ने वार्डवासियों से चर्चा करते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की और बताया कि कैसे ये योजनाएं लोगों के जीवन को सुगम और बेहतर बना रही हैं।
अभियान के दौरान श्री अग्रवाल ने वार्डों की मूलभूत समस्याओं और उनके त्वरित समाधान पर विस्तृत चर्चा की। विभिन्न जगहों में आयोजित बैठकों में उन्होंने अंत्योदय के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि भाजपा का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे शासन की उपलब्धियों को हर घर तक पहुँचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें। इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय निवासी भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
9 अप्रैल का दौरा कार्यक्रम:
'बस्ती चलो अभियान' के अगले चरण में नगर विधायक श्री अमर अग्रवाल 9 अप्रैल को दक्षिण और पश्चिम मंडल के विभिन्न वार्डों के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 10:30 से 11:15 बजे तक वार्ड 32 रामनगर में बैठक आयोजित होगी। इसके पश्चात सुबह 11:30 से दोपहर 12:15 बजे तक वार्ड 23 अंबेडकर नगर में और दोपहर 12:30 से 1:15 बजे तक वार्ड 21 ओम नगर में बैठकर क्षेत्रीय निवासियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।