*सुशासन तिहार बना आजीविका का सहारा*
*अतुल सिंह ठाकुर को मिला मत्स्य जाल, स्वरोजगार को मिलेगी नई मजबूती*
मुंगेली, 18 मई 2026// मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आयोजित सुशासन तिहार आमजनों के लिए राहत, विश्वास और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनता जा रहा है। समाधान शिविरों के जरिए लोगों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ उन्हें आजीविका और स्वरोजगार से भी जोड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम नवागांव (चि.) में आयोजित समाधान शिविर में ग्राम घुठेली निवासी अतुल सिंह ठाकुर को मत्स्य पालन कार्य के लिए मत्स्य जाल प्रदान किया गया। शासन की इस सहायता से उन्हें स्वरोजगार को मजबूत करने और आय में वृद्धि करने में मदद मिलेगी।
अतुल सिंह ठाकुर ने बताया कि वे लंबे समय से मत्स्य पालन कार्य से जुड़े हैं, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण कार्य को बेहतर ढंग से आगे नहीं बढ़ा पा रहे थे। समाधान शिविर में आवेदन देने के बाद उन्हें त्वरित रूप से मत्स्य जाल उपलब्ध कराया गया, जिससे अब वे अधिक व्यवस्थित तरीके से मत्स्य पालन कर सकेंगे। उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार वास्तव में आम लोगों की जरूरतों को समझकर उन्हें तत्काल राहत देने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इस पहल से न केवल आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि परिवार की आजीविका भी मजबूत होगी। जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।