विपश्यना ध्यान शिविर 13 जून से, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से भाग लेने की अपील
बिलासपुर। शासकीय ई. राघवेन्द्र राव स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय, बिलासपुर के एलुमनी एसोसिएशन द्वारा विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के लिए 3 दिवसीय विपश्यना ध्यान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 13, 14 एवं 15 जून 2026 को प्रतिदिन प्रातः 6:30 बजे से 8:00 बजे तक साइंस कॉलेज ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज, सरकंडा, बिलासपुर में आयोजित होगा।
विपश्यना ध्यान भगवान बुद्ध द्वारा बताई गई अत्यंत प्राचीन और वैज्ञानिक ध्यान पद्धति है। भगवान बुद्ध ने मनुष्य को आत्मनिरीक्षण, संयम, करुणा, शांति और सम्यक जीवन का मार्ग बताया। विपश्यना का अर्थ है—वस्तुओं को उनके वास्तविक स्वरूप में देखना। इस साधना के माध्यम से व्यक्ति अपने मन और शरीर की अनुभूतियों का शांतिपूर्वक अवलोकन करता है, जिससे मन की अशांति कम होती है और भीतर धैर्य, संतुलन तथा सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है।
आज के समय में विद्यार्थियों पर परीक्षा, प्रतियोगिता और भविष्य निर्माण का दबाव रहता है, वहीं शिक्षकों एवं कर्मचारियों पर कार्य की जिम्मेदारियां और मानसिक तनाव होता है। ऐसे में विपश्यना ध्यान एकाग्रता, स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता, मानसिक स्थिरता और तनाव मुक्ति में अत्यंत उपयोगी है। इसके नियमित अभ्यास से क्रोध, चिंता, नकारात्मक विचार और मानसिक बेचैनी में कमी आती है तथा जीवन में शांति, स्पष्टता और आनंद का अनुभव होता है।
छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा भी विपश्यना ध्यान के महत्व को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विपश्यना ध्यान शिविर में भाग लेने हेतु विशेष आकस्मिक अवकाश स्वीकृत करने संबंधी आदेश जारी किया गया है। शासन द्वारा जारी इस आदेश में कार्यक्षमता में वृद्धि, मानसिक तनाव में कमी तथा नैतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु विपश्यना ध्यान की महत्ता को स्वीकार किया गया है। इससे स्पष्ट है कि विपश्यना ध्यान केवल व्यक्तिगत साधना नहीं, बल्कि समाज और कार्यस्थल में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली उपयोगी पद्धति है।
इस शिविर ध्यान कार्यक्रम का संचालन समर्थगुरु धारा ध्यान केंद्र, कुदुदंड, बिलासपुर द्वारा किया जाएगा इस शिविर का आयोजन एलुमनी एसोसिएशन, शासकीय ई. राघवेन्द्र राव स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय, बिलासपुर द्वारा किया जा रहा है। एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री योगेश तिवारी ने सभी विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ध्यान शिविर का लाभ लेने की अपील की है।
सचिव
एलुमनी,एसोसिएशन
शासकीय ई. राघवेन्द्र राव स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय,
बिलासपुर, छत्तीसगढ़।
Mob- 7691936735