*कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं*
*अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश*
बिलासपुर, 16 जून 2026/कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।
जनदर्शन में तखतपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत मोछ के जनपद सदस्य रामकुमार सिंगरौल ने ग्राम जोरापारा को नया राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग उठाई। आवेदन में बताया गया कि जोरापारा की आबादी लगभग 1800 है। राजस्व ग्राम का दर्जा मिलने से विकास कार्यों में ओर तेजी आएगी। विकासखण्ड मस्तुरी के ग्राम लिमतरा निवासी मुरलीधर पटेल ने अपने पोल्ट्री फार्म पर तूफान से गिरे सागौन के पेड़ों के कारण हुए नुकसान की शिकायत संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि 15 मई को आए तेज तूफान में चार सागौन के पेड़ पोल्ट्री फार्म पर गिर गए, जिससे पोल्ट्री फार्म पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने नुकसान का सर्वे कराकर पेड़ों को हटाने एवं लकड़ियों का उपयोग करने की अनुमति देने की मांग की। तखतपुर के सेमरा के ग्रामीण राजेंद्र जायसवाल ने कलेक्टर से मुलाकात कर प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरे किस्त की राशि दिलाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पहले किस्त की राशि प्राप्त हो चुकी है। दूसरे किस्त की राशि प्राप्त नहीं होने के कारण उनके मकान का कार्य अपूण है। जनदर्शन में बिजली विभाग से जुड़ी समस्या भी सामने आई। ग्राम मटियारी निवासी किसान रामकिशुन सूर्यवंशी ने कहा कि विगत 8 वर्ष पूर्व अपने कृषि भूमि में ट्रांसफार्मर एवं बिजली पोल लगाने के लिए राशि जमा करने के बावजूद अब तक उनके खेत तक पोल नहीं लगाए गए हैं, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने शीघ्र विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इसी तरह जोरापारा निवासी छात्रा रिंकी ने छात्रवृत्ति नहीं मिलने की शिकायत की। उसने बताया कि कक्षा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद पात्र होने के बावजूद अब तक उसे छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पाया है। छात्रा ने जनदर्शन के माध्यम से छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने की मांग की।
बेलतरा तहसील के ग्राम लिम्हा निवासी रेशमदास मानिकपुरी ने अपनी कृषि भूमि के सीमांकन में हो रही देरी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 में आवश्यक शुल्क जमा करने के बावजूद अब तक सीमांकन की कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने शीघ्र सीमांकन कराने और उचित कार्यवाही करने की मांग की है। जनदर्शन में शहर के मिनीमाता नगर, तालापारा निवासी रविंद्र कुमार खुंटे ने आगजनी की घटना में हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए आर्थिक सहायता राशि दिलाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि नवंबर 2025 में उनके घर में आग लगने से घरेलू सामान और आवश्यक वस्तुएं जलकर नष्ट हो गई थीं। आवेदन के माध्यम से उन्होंने शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। इसके अलावा बापू उप नगर निवासी दिव्यांग महिला सन्नो ने शासकीय योजना के तहत प्राप्त आबंटित आवास का स्थान परिवर्तन कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि शारीरिक दिव्यांगता के कारण दूर स्थित आवास में रह पाना संभव नहीं है, इसलिए उन्हें हेमूनगर क्षेत्र में स्थित आवास उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।