*संभागीय संयुक्त संचालक ने जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों का किया निरीक्षण*
*स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पताल के निरीक्षण में व्यवस्थाओं पर जताया संतोष, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं की सराहना*
*स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता: संयुक्त संचालक डॉ. बांधी*
मुंगेली, 20 जून 2026// स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की संभागीय संयुक्त संचालक (स्वास्थ्य सेवाएं), बिलासपुर डॉ. गायत्री बांधी ने मुंगेली जिले के स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं, जिनका लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है। निरीक्षण के दौरान डॉ. बांधी ने सर्वप्रथम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दशरंगपुर का भ्रमण किया। उन्होंने लेबर रूम, वैक्सीन स्टोरेज, दवा भंडार, प्रसूति वार्ड, पट्टी कक्ष, योगा पटल तथा स्वच्छता व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अस्पताल के अभिलेखों और दस्तावेजों का अवलोकन करते हुए उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीनाक्षी बंजारे की कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों की उत्कृष्ट जानकारी की विशेष प्रशंसा की।
इसके पश्चात उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेतगंगा का निरीक्षण किया। यहां स्वास्थ्य सेवाओं एवं दस्तावेजीकरण की समीक्षा करते हुए उन्होंने फार्मासिस्ट के कार्य निष्पादन और विभागीय ज्ञान की सराहना की तथा सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। संभागीय संयुक्त संचालक ने बाद में जिला अस्पताल मुंगेली का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, विभिन्न वार्डों, अटल आरोग्य लैब, रेडियोलॉजी यूनिट, एक्स-रे एवं स्कैन सुविधा, डायलिसिस यूनिट, सिकल सेल यूनिट, ब्लड बैंक, डेंटल यूनिट, दवा वितरण केंद्र तथा इमरजेंसी सेवाओं का अवलोकन कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
जिला अस्पताल के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में डॉ. बांधी ने आयुष्मान भारत योजना, आभा आईडी, आरसीएच 2.0, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण कार्यक्रम, गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग तथा शत-प्रतिशत आधार आधारित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता तथा अस्पतालों में स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। डॉ. बांधी ने जिला अस्पताल मुंगेली एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरगांव में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रयास करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरीश कुर्रे, सिविल सर्जन-सह-मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. राय, संभागीय कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रविशंकर प्रसाद देवांगन सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।