संयुक्त संचालक कार्यालय में फेडरेशन की महत्वपूर्ण वार्ता संपन्नः वरिष्ठता सूची जल्द होगी जारी, टेट पास शिक्षकों के लिए जारी होगा स्पष्ट आदेश, पदोन्नति पर भी रुख साफ
बिलासपुर / छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष श्री रविंद्र राठौर के नेतृत्व में आज फेडरेशन की एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बिलासपुर संभाग के संयुक्त संचालक (JD) कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान संभाग के शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं, सेवा शर्तों और पदोन्नति से जुड़ी मांगों को लेकर बेहद सकारात्मक एवं विस्तृत चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान प्राप्त हुए संदर्भों और संलग्न दस्तावेजों के आधार पर फेडरेशन ने समस्त शिक्षक संवर्ग के हितों को पुरजोर तरीके से रखा।
मुलाकात के दौरान संयुक्त संचालक ने फेडरेशन की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए स्पष्ट रूप से आश्वस्त किया कि विभाग जल्द ही त्रुटिरहित वरिष्ठता सूची जारी करने जा रहा है। इसके साथ ही, उन्होंने संभाग के सभी टेट (TET) उत्तीर्ण / योग्यता धारी प्राथमिक प्रधान पाठक एवं शिक्षक संवर्ग के हित में एक स्पष्ट आदेश जारी करने की बात कही है, जिससे शिक्षकों की सेवा पुस्तिका में प्रविष्टि सुनिश्चित की जा सके और उनके अधिकार सुरक्षित रहें।
पदोन्नति के अति-महत्वपूर्ण विषय पर संयुक्त संचालक ने अपना रुख एकदम स्पष्ट करते हुए प्रतिनिधिमंडल को बताया कि कार्यालय द्वारा इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) से आवश्यक मार्गदर्शन मांगा गया है। डीपीआई (DPI) से दिशा-निर्देश व मार्गदर्शन प्राप्त होते ही पूरे संभाग स्तर पर समस्त लंबित पदोन्नति की प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता के साथ तत्काल संपन्न कर दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, प्रदेश अध्यक्ष श्री रविंद्र राठौर एवं फेडरेशन की टीम द्वारा शिक्षकों की सेवा पुस्तिका (Service Book) के भौतिक सत्यापन तथा जीपीएफ (GPF) पासबुक के अद्यतनीकरण को लेकर भी एक गंभीर सवाल उठाया गया। फेडरेशन ने मांग की कि इसके सुचारू क्रियान्वयन हेतु संभाग के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEOs) से पूर्णता प्रमाण पत्र मांगा जाए। इस महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा के दौरान उपस्थित सहायक संचालक जी ने फेडरेशन की मांग को जायज ठहराते हुए कहा कि विभाग द्वारा बेहद जल्द ही सभी बीईओ (BEO) से इस संबंध में पूर्णता प्रमाण पत्र मंगाकर कार्य की समीक्षा की जाएगी।
बैठक के मुख्य बिंदु एवं प्रशासनिक आश्वासनः
वरिष्ठता सूचीः संभाग स्तर पर त्रुटिरहित एवं अद्यतन वरिष्ठता सूची तत्काल जारी की जाएगी।
टेट (TET) उत्तीर्ण शिक्षकः संभाग के समस्त टेट पास शिक्षकों के लिए सेवा पुस्तिका में प्रविष्टि हेतु स्पष्ट आदेश जारी होगा।
पदोन्नति प्रक्रियाः डीपीआई (DPI) से मार्गदर्शन प्राप्त होते ही संभाग स्तर पर रुकी हुई समस्त पदोन्नतियां तत्काल की जाएंगी।
सेवा पुस्तिका व जीपीएफ सत्यापनः सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) से जल्द ही कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र मांगा जाएगा।
फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष रविंद्र राठौर ने इस वार्ता को अत्यंत सफल बताते हुए उम्मीद जताई है कि इन आश्वासनों से बिलासपुर संभाग के हजारों शिक्षकों में व्याप्त असंतोष दूर होगा। उन्होंने कहा कि फेडरेशन अपने शिक्षक साथियों के न्यायसंगत अधिकारों के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
आज के इस संयुक्त संचालक के ज्ञापन कार्यक्रम में, प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर,अश्विनी कुर्रे कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष,रंजीत बनर्जी प्रदेश सलाहकार, चंद्रप्रकाश तिवारी, सुनील पाण्डेय जिला अध्यक्ष बिलासपुर हरीश कुमार गोपाल जिला अध्यक्षजांजगीर-चांपा, पुष्पलता कृष्णा जिला उपाध्यक्ष, दिनेश राठौर जिला अध्यक्ष जीपीएम,, जिला सचिव रविन्द्र कुमार खुटे, सी.पी. डडसेना जिला अध्यक्ष रायगढ़,अजीत कुजूर, सुधीर मानिकपुरी, गेंदलाल अहिरवार,हरिश्चंद्र वैष्णव,शैलेश दिक्षित,इंद्रमण मरावी,देवेंद्र साहू,संत यादव,सतनाम जोशी,सावन सिंह ध्रुव,ओम प्रकाश सोनवानी,रणजीत सिंह राठौड़,हृदय राठौर,ईश्वर यादव, बसंत दुबे,आशुतोष राजपुत,सहित शिक्षक उपस्थित रहे।