प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण : 5,873 अपात्र हितग्राहियों के विलोपन को मिली मंजूरी ,,,,

*प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण : 5,873 अपात्र हितग्राहियों के विलोपन को मिली मंजूरी**
बिलासपुर, 20 जुलाई 2026/ प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आज कलेक्टर श्री संजय कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप कुमार अग्रवाल तथा जिला पंचायत सभापति श्री गोविन्द राम यादव उपस्थित रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के वर्ष 2024-26 अंतर्गत ग्राम सभाओं के अनुमोदन उपरांत अपात्र पाए गए हितग्राहियों के विलोपन संबंधी प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति द्वारा जिले में कुल 5,873 अपात्र हितग्राहियों के नाम योजना की सूची से विलोपित करने का अनुमोदन प्रदान किया गया।
विकासखंडवार विलोपित अपात्र हितग्राहियों में बिल्हा के 1,059, कोटा के 2,101, मस्तूरी के 962 तथा तखतपुर के 1,751 हितग्राही शामिल हैं।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ केवल पात्र एवं वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक ही पहुंचे। इसके लिए पात्रता का सत्यापन पूरी पारदर्शिता एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले के सभी विकासखंडों के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, अनुविभागीय अधिकारी (ग्रामीण यांत्रिकी सेवा), एनआरएलएम, उज्ज्वला योजना, वीबी-जी रैम-जी (VB-G RAM G) तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से जुड़े जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post