बेमेतरा प्रकरण में विधायकों से मिला CHO संघ का प्रतिनिधिमंडल — CMHO को हटाने की मांग पर मिला सकारात्मक आश्वासन
बेमेतरा, दिनांक : 09 अगस्त 2026
जिला बेमेतरा में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) से संबंधित विभिन्न शिकायतों एवं महिला कर्मचारियों से जुड़े गंभीर आरोपों के संबंध में प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने आज बेमेतरा विधायक एवं खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल जी तथा साजा विधायक श्री ईश्वर साहू जी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल द्वारा दोनों जनप्रतिनिधियों के समक्ष जिला बेमेतरा में CHO संवर्ग के साथ कथित रूप से किए जा रहे मानसिक, प्रशासनिक एवं आर्थिक दबाव, समीक्षा बैठकों में कथित अभद्र व्यवहार तथा महिला कर्मचारियों से संबंधित शिकायतों सहित पूर्व में शासन-प्रशासन को सौंपे गए शिकायत ज्ञापन में उल्लेखित सभी बिंदुओं की जानकारी रखी गई।
संघ ने दोनों विधायकों से CMHO बेमेतरा को तत्काल वर्तमान पद से हटाकर निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच सुनिश्चित कराने हेतु त्वरित हस्तक्षेप एवं आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया।
इस दौरान दोनों विधायकों द्वारा पूरे प्रकरण को गंभीरता से सुना गया तथा संघ के प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक प्रतिक्रिया एवं आवश्यक कार्रवाई करने एवं स्वास्थ्य मंत्री से हस्तक्षेप करने के लिए कहने हेतु आश्वासन दिया गया। संघ ने उम्मीद जताई है कि जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप से प्रकरण में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो 18 अगस्त को कलेक्टर कार्यालय का घेराव
प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल कुमार ने स्पष्ट किया कि संघ द्वारा शासन-प्रशासन को पूर्व में निर्धारित समय सीमा में सीएमएचओ बेमेतरा को तत्काल हटाकर कार्रवाई प्रारंभ करने का अनुरोध किया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर शासन-प्रशासन द्वारा CMHO बेमेतरा को हटाने एवं शिकायतों की निष्पक्ष जांच प्रारंभ करने के संबंध में प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती है, तो संघ द्वारा आगामी सप्ताह मंगलवार, दिनांक 18 अगस्त 2026 को महिला कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा एवं गरिमा के समर्थन में बेमेतरा जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इसके साथ ही संघ द्वारा पुलिस अधीक्षक, बेमेतरा को ज्ञापन सौंपकर शिकायत में वर्णित आरोपों के संबंध में FIR दर्ज कर निष्पक्ष कानूनी जांच की मांग की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल कुमार ने कहा कि संघ का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को पूर्वाग्रह के आधार पर दोषी ठहराना नहीं, बल्कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच, महिला कर्मचारियों की गरिमा एवं सुरक्षित कार्य वातावरण तथा CHO संवर्ग के सम्मान को सुनिश्चित कराना है।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सत्य पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
संघ ने शासन-प्रशासन से पुनः आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए निर्धारित समय सीमा में ठोस कार्रवाई प्रारंभ की जाए, ताकि कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश न होना पड़े।
— प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ, छत्तीसगढ़