*भाटा उपकेंद्र में पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ी, 07 गांवों के 02 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ*
*3.15 एमवीए से बढ़कर 05 एमवीए हुई क्षमता, बढ़ती विद्युत मांग के अनुरूप मजबूत हुई बिजली आपूर्ति व्यवस्था*
मुंगेली, 25 सितंबर 2026// छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के वितरण केंद्र फास्टरपुर अंतर्गत 33/11 केवी उपकेंद्र भाटा में पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उपकेंद्र में स्थापित 3.15 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर को बढ़ाकर 05 एमवीए किया गया है। क्षमता वृद्धि के बाद ट्रांसफार्मर को सफलतापूर्वक चार्ज कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया। इस क्षमता वृद्धि से क्षेत्र में लगातार बढ़ रही विद्युत मांग की पूर्ति में मदद मिलेगी तथा उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। विशेषकर गर्मी एवं अधिक विद्युत मांग वाले समय में ट्रांसफार्मर पर पड़ने वाले अतिरिक्त भार को कम करने में यह कार्य महत्वपूर्ण साबित होगा।
भाटा उपकेंद्र की क्षमता बढ़ने से इसके अंतर्गत आने वाले 07 गांवों के लगभग 02 हजार विद्युत उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। इनमें भाटा, भूरका, सिपाही, सेमरकोना, बेलसरी, पंडोतरा एवं कोसमतरा शामिल हैं। क्षमता वृद्धि से इन गांवों की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बढ़ती जरूरतों के अनुरूप बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री ए.के. अम्बस्थ ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्युत अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं क्षमता वृद्धि के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती विद्युत मांग के अनुरूप समय पर अधोसंरचना की क्षमता बढ़ाने से विद्युत व्यवस्था की विश्वसनीयता और आपूर्ति की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता श्री यू.के. सोनवानी, श्री एन.के. सोनी, सहायक अभियंता श्रीमती आशा सोनवानी, श्री हरिनारायण लहरी, कनिष्ठ अभियंता श्री उपेन्द्र कश्यप सहित एसटीएम, संधारण एवं परियोजना संभाग के तकनीकी स्टॉफ मौजूद रहे।