मुंगेली। पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत प्रहरी है, लेकिन जब इसी पहचान की आड़ में कथित रूप से दबाव, वसूली, ब्लैकमेलिंग अथवा अन्य अनुचित गतिविधियों के आरोप सामने आने लगे तो सवाल पूरी मीडिया व्यवस्था की विश्वसनीयता का बन जाता है। मुंगेली जिले में इसी मुद्दे को लेकर अब पत्रकारों ने प्रशासन और पुलिस तक अपनी आवाज पहुंचाई है।
मुंगेली प्रेस क्लब के बैनर तले पत्रकारों ने पत्रकारिता की आड़ में कथित रूप से अवैध वसूली और अन्य गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर तीन अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल सोनी के संयोजन में पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से मिला और पत्रकारिता की विश्वसनीयता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सामने रखा।