*सड़क हादसों में जीवन बचाने की संवेदनशील पहल के लिए डॉ. मनीष बंजारा सम्मानित*
*सड़क सुरक्षा मित्र के रूप में उत्कृष्ट कार्य के लिए भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी ने किया सम्मान*
मुंगेली। सड़क दुर्घटना के समय घायल व्यक्ति के लिए शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे कठिन समय में संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय जिम्मेदारी के साथ घायलों को प्रारंभिक उपचार उपलब्ध कराने तथा समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. मनीष बंजारा को सड़क सुरक्षा मित्र के रूप में सम्मानित किया गया।
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ के चेयरमेन श्री तोमन साहू एवं वाइस चेयरमेन श्री बाला साहू की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. मनीष बंजारा को उनके सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
डॉ. बंजारा द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर प्रारंभिक उपचार, प्राथमिक चिकित्सा एवं आवश्यकतानुसार तत्काल अस्पताल पहुंचाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उनका मानना है कि सड़क पर घायल व्यक्ति को देखकर आगे बढ़ जाना नहीं, बल्कि उसकी मदद के लिए रुकना ही सच्ची मानवता है। समय पर मिली छोटी-सी मदद भी किसी व्यक्ति के लिए जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर बन सकती है।
सम्मान समारोह में डीपीएम श्री गिरिश कुर्रे, श्री महिपाल सिंह, श्री संजू गौरहा सहित जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. मनीष बंजारा ने कहा कि “यह सम्मान मेरे लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना में घायल हर उस व्यक्ति के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी की पहचान है। किसी अनजान व्यक्ति का जीवन बचाने के लिए समय पर आगे बढ़ना ही सच्ची सेवा और मानवता है।”
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा, दुर्घटना पीड़ितों की त्वरित सहायता तथा समाज में मानवीय संवेदनशीलता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
गौरतलब है कि डॉ. मनीष बंजारा के सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर प्राथमिक उपचार एवं अस्पताल पहुँचाने के मानवीय कार्यों को सड़क सुरक्षा माह के दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।
*मानवीय अपील*
सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा
गति नियंत्रित रखें • हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें • सीट बेल्ट जरूर लगाएँ • वाहन चलाते समय मोबाइल से दूरी रखें • नशे में कभी वाहन न चलाएँ • दुर्घटना दिखे तो संवेदनशीलता के साथ मदद के लिए आगे आएँ।
आपकी एक छोटी-सी सावधानी, किसी परिवार की पूरी दुनिया बचा सकती है।