सेवा संकल्प अभियान के तहत आईटीआई में नवाचार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
प्रशिक्षुओं ने प्रदर्शित किए नवाचार मॉडल, स्वरोजगार एवं स्टार्टअप के लिए किया गया प्रेरित
बिलासपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र (DIC), बिलासपुर के तत्वावधान में आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), कोनी, बिलासपुर में नवाचार (Innovation) विषय पर जागरूकता एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र, बिलासपुर की डायरेक्टर श्रीमती रेवती लहरे ने प्रशिक्षुओं को नवाचार के महत्व, नए विचारों को व्यावहारिक रूप देने तथा स्वरोजगार एवं स्टार्टअप की संभावनाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को अपनी तकनीकी दक्षता एवं रचनात्मक सोच का उपयोग कर नए उत्पाद और उपयोगी मॉडल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आईटीआई के प्रशिक्षुओं ने अपने द्वारा तैयार किए गए विभिन्न नवाचार मॉडलों का प्रदर्शन किया। इन मॉडलों के माध्यम से प्रशिक्षुओं ने अपनी तकनीकी प्रतिभा, कौशल एवं रचनात्मक सोच का परिचय दिया।
कार्यक्रम में आईटीआई के प्राचार्य श्री नवीन कुमार साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान श्री एम.एस. परयाए सर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री विक्रम प्रताप सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नवाचार की भावना विकसित करना, तकनीकी कौशल को प्रोत्साहित करना तथा प्रशिक्षुओं को रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ स्वयं का उद्यम स्थापित कर रोजगार सृजन करने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षुओं को अपने नए विचारों को विकसित करने और उन्हें भविष्य में उद्यमिता के अवसरों में बदलने की दिशा में प्रोत्साहन मिला।