*पथरिया में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के नवीन शाखा भवन का शुभारंभ*
*मुंगेली नाका शाखा का हुआ नवीनीकरण*
बिलासपुर, 04 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की पथरिया शाखा के नवीन सर्वसुविधायुक्त एवं वातानुकूलित भवन तथा मुंगेली नाका शाखा के नवीनीकृत परिसर का शुभारंभ महाप्रबंधक (प्रशासन) श्री रविंद्र पाल सिंह जाट ने किया। पहले से संचालित दोनों शाखाओं के बेहतर परिसरों से ग्राहकों को अधिक सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं मिलेंगी।
महाप्रबंधक श्री जाट ने दोनों परिसरों का निरीक्षण कर बैंक के सेवायुक्तों को बधाई दी। उन्होंने ग्राहकों को बैंक की योजनाओं एवं प्रमुख उत्पादों की जानकारी देते हुए उत्कृष्ट और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में किसानों, छोटे व्यवसायियों और अन्य ग्राहकों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने में बैंक की भूमिका का उल्लेख किया। श्री जाट ने व्यवसाय विस्तार के लिए मार्गदर्शन देते हुए बैंक की योजनाओं एवं सेवाओं को अधिकाधिक ग्राहकों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने सरगांव, तोरवानाका और देवरीखुर्द शाखाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक श्री सुरेश कुमार सिंह राजपूत, वरिष्ठ प्रबंधक श्री दिनेश कुमार चौहान एवं श्री राजीव कुमार, सहायक प्रबंधक श्री राहुल शर्मा, शाखा प्रबंधक श्री प्रिंस कुमार एवं सुश्री पूनम ठाकुर सहित अन्य सेवायुक्त उपस्थित थे।