वरिष्ठजन हमारी अमूल्य धरोहर, उनके अनुभवों से नई पीढ़ी को मिलती है दिशा : विधायक श्री कौशिक**अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों का गरिमामय सम्मान*


*वरिष्ठजन हमारी अमूल्य धरोहर, उनके अनुभवों से नई पीढ़ी को मिलती है दिशा : विधायक श्री कौशिक*

*अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों का गरिमामय सम्मान*

*500 से अधिक वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण, जरूरतमंदों को मिले श्रवण यंत्र, छड़ी और सहायक उपकरण*

बिलासपुर, 1 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आज पं. देवकीनंदन दीक्षित सभागृह में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों का आत्मीय सम्मान करने के साथ उनके स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, विधिक जागरूकता और मनोरंजन के लिए विविध गतिविधियां आयोजित की गईं। विधायक श्री धरमलाल कौशिक के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल सहित अतिथियों ने वरिष्ठजनों को शॉल, श्रीफल एवं पुष्पमाला भेंटकर सम्मानित किया।

         विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि जिस तरह हम अपने माता-पिता का आदर और सम्मान करते हैं, उसी भावना से समाज के प्रत्येक बुजुर्ग का सम्मान किया जाना चाहिए। वरिष्ठजनों के पास जीवन के लंबे अनुभवों का खजाना है, जिससे युवा पीढ़ी को सीख और प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान हमारी सामाजिक एवं पारिवारिक संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।

        महापौर श्रीमती पूजा विधानी एवं क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी ने वरिष्ठजनों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनके सम्मान, संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी हम सभी की है। वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष परिवार, समाज और देश के निर्माण में लगाए हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ नई पीढ़ी को लेना चाहिए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी एवं छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पाण्डेय भी विशेष रूप से उपस्थित थे।

*500 से अधिक वरिष्ठजनों की हुई स्वास्थ्य जांच*

      कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ नागरिकों के पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण से हुई। आयुष विभाग के चिकित्सकों ने 500 से अधिक वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। होम्योपैथी सहित विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञों ने भी परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। स्लम स्वास्थ्य योजना की मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से शुगर, ब्लड प्रेशर सहित अन्य आवश्यक जांच की गईं।

      जिला पुनर्वास केंद्र द्वारा विशेष आवश्यकता वाले वरिष्ठ नागरिकों को अतिथियों के हाथों श्रवण यंत्र, छड़ी, नी-कैप एवं कमर बेल्ट जैसे सहायक उपकरण प्रदान किए गए। फिजियोथेरेपी एवं ऑक्यूपेशनल थेरेपी के स्टॉल के माध्यम से भी वरिष्ठजनों को उपचार एवं उपयोगी जानकारी दी गई।

*वरिष्ठ नागरिकों को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी*

    जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अनिल कुमार चौहान ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी के बी.के. विकास ने संगीत के माध्यम से स्वस्थ तन-स्वस्थ मन और वरिष्ठजनों के प्रति सकारात्मक सोच रखने का संदेश दिया। संयुक्त संचालक श्री तिलकेश भावे ने स्वागत उद्बोधन में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित अधिनियम एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।

        समारोह में गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। वरिष्ठजनों ने प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र-छात्राओं ने वरिष्ठजनों के सहयोग एवं आवश्यक व्यवस्थाओं में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के चिकित्सक एवं विशेषज्ञ, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनर्स संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश तिवारी एवं श्री प्रशांत मोकाशे ने किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post