परीक्षा तिथि बढ़ाने की मांग पर NSUI का विश्वविद्यालय प्रशासन को अल्टीमेटम, दो दिवस में निर्णय नहीं तो सैकड़ों विद्यार्थियों के साथ होगा विश्वविद्यालय का घेरावछात्रहित की आवाज उठाने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल पर दबाव बनाने की कोशिश, कुलपति-कुलसचिव से हुई तीखी बहस



परीक्षा तिथि बढ़ाने की मांग पर NSUI का विश्वविद्यालय प्रशासन को अल्टीमेटम, दो दिवस में निर्णय नहीं तो सैकड़ों विद्यार्थियों के साथ होगा विश्वविद्यालय का घेराव
छात्रहित की आवाज उठाने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल पर दबाव बनाने की कोशिश, कुलपति-कुलसचिव से हुई तीखी बहस
बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा आगामी 30 नवंबर से प्रस्तावित सेमेस्टर परीक्षाओं की तिथि में वृद्धि की मांग को लेकर NSUI जिलाध्यक्ष रंजेश सिंह के निर्देशानुसार छात्र नेता पुष्पराज साहू के नेतृत्व में छात्र प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलपति एवं कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय देने तथा परीक्षा तिथि में वृद्धि करने की मांग प्रमुखता से रखी।

इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ छात्र प्रतिनिधियों की तीखी बहस भी हुई। छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि नई शिक्षा नीति (NEP) के अंतर्गत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अध्ययन के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन 30 नवंबर से ही परीक्षा आयोजित कराने पर अड़ा हुआ है। हजारों नियमित एवं स्वाध्यायी विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पूरा करने और परीक्षा की तैयारी करने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाया है।

छात्र प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय छात्र प्रतिनिधियों पर कॉलेज पहुंचने एवं कॉलेज प्रबंधन के माध्यम से दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। क्या अब विश्वविद्यालय में छात्रहित की बात रखने वाले छात्र प्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का भी अधिकार नहीं है? छात्र नेताओं का दायित्व विद्यार्थियों की आवाज उठाना है और वे अपनी इस जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेंगे।

NSUI ने यह भी सवाल उठाया कि किसी निजी महाविद्यालय के प्राचार्य का हवाला देकर हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े फैसले कैसे थोपे जा सकते हैं? विश्वविद्यालय का दायित्व सभी महाविद्यालयों एवं विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लेना है, न कि किसी एक महाविद्यालय के सुझाव के आधार पर परीक्षा कार्यक्रम निर्धारित करना।

छात्र प्रतिनिधियों ने कुलपति एवं कुलसचिव से सीधा सवाल किया कि यदि पर्याप्त तैयारी का समय नहीं मिलने के कारण विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम खराब होता है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या विश्वविद्यालय प्रशासन इसकी नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करेगा? विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े निर्णयों में उनकी शैक्षणिक परिस्थितियों को नजरअंदाज करना उचित नहीं है।

NSUI जिलाध्यक्ष रंजेश सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन समस्या का समाधान करने के बजाय मनमानी और दबाव की नीति अपना रहा है, जो कतई स्वीकार्य नहीं है। छात्रहित की आवाज उठाने वाले प्रतिनिधियों को दबाने की कोशिश से आंदोलन समाप्त नहीं होगा, बल्कि और व्यापक होगा।

रंजेश सिंह ने विश्वविद्यालय प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि आगामी दो दिवस के भीतर परीक्षा तिथि में वृद्धि को लेकर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो NSUI सैकड़ों विद्यार्थियों के साथ अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय का घेराव करेगी। विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ और छात्रहित की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुष्पराज साहू ने कहा कि छात्र प्रतिनिधिमंडल विद्यार्थियों की जायज मांग लेकर विश्वविद्यालय पहुंचा था। प्रशासन का काम समस्याओं का समाधान करना है, न कि छात्र प्रतिनिधियों पर दबाव बनाना। NSUI विद्यार्थियों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी।

करन यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण का केंद्र है, किसी की मनमानी चलाने का स्थान नहीं। समस्या का समाधान होना चाहिए, दबाव और मनमानी नहीं।

ज्ञापन सौपते हुऐ करन यादव,विवेक देवांगन,शेख सलमान , भूपेश राजपूत , रोशन ठाकुर , अर्जुन जायसवाल , राजकुमार साहू , आदित्यराज पाठक, अभय कुमार , गिरीश पन्द्राम,गरिमा साहू मौजूद रहेंl

Post a Comment

Previous Post Next Post