*बिलासपुर में 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य आगाज़*
*18 राज्यों के 561 खिलाड़ी दिखाएंगे दम*
बिलासपुर 04 फरवरी 2026/छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर को 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता (2025-26) के आयोजन का गौरव प्राप्त हुआ है। 04 फरवरी से आयोजित सॉफ्टबॉल (17 वर्ष बालक/बालिका) स्पर्धा का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर सभापति जिला पंचायत श्री खेलावन पटेल , सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप अग्रवाल मौजूद रहे।
*खेल के माध्यम से करें माता पिता एवं देश का नाम रोशन - श्री राजेश सूर्यवंशी*
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी ने समस्त राज्यों से आए हुए खिलाड़ियों एवं कोच मैनेजर का स्वागत करते हुए कहा कि जिस प्रकार हम अपने देश को भारत माता कहते हैं ठीक उसी प्रकार छत्तीसगढ़ इकलौता राज्य है जो अपने मातृ भूमि को छत्तीसगढ़ महतारी कहता है। और इस छत्तीसगढ़ महतारी की कोरा में आप सभी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। खेलो इंडिया के माध्यम से जिस प्रकार देश में खेल के लिए जो माहौल बना है वैसा ही माहौल इन शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यालयों में भी बन रहा है। आप सभी मन लगाकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए अपने माता-पिता, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन कीजिए।
*प्रतियोगिता का विवरण*
इस प्रतिष्ठित आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों जैसे आंध्र प्रदेश, बिहार, सीबीएसई, चंडीगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और मेजबान छत्तीसगढ़ सहित कुल 18 टीमों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
कुल प्रतिभागी: 561 खिलाड़ी (280 बालक एवं 281 बालिकाएं) 70 कोच और मैनेजर भाग ले रहे हैं।
*सुदृढ़ व्यवस्थाएं*
खिलाड़ियों की सुविधा के लिए शिक्षा विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं जिसमें आवास के लिए शहर के 18 स्कूलों में आवास की व्यवस्था की गई है। वहीं ब्रजेश स्कूल प्रांगण में एक 'कॉमन मेस' बनाया गया है जहाँ सभी के भोजन की उत्तम व्यवस्था है।
परिवहन व्यवस्था में खिलाड़ियों को आवास से खेल मैदान (छत्तीसगढ़ स्कूल, लोयला स्कूल और खेल परिसर) तक लाने-ले जाने के लिए बसों का सुचारु प्रबंध है। प्रत्येक राज्य के साथ समन्वय के लिए एक महिला और एक पुरुष 'लाइजनिंग ऑफिसर' नियुक्त किए गए हैं, ताकि खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उदघाटन समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय टांडे, श्रीमती वर्षा सहायक संचालक,डॉ.अखिलेश तिवारी एपीसी, सुशील मिश्रा सेवा निवृत वरिष्ठ खेल अधिकारी,अखिलेश मेहता,कमलेश यादव जिला क्रीड़ा अधिकारी,साजिद खान,रितेश सिंह,सुभाष त्रिपाठी,अनिल मिश्रा,अभ्युदय तिवारी,अख्तर खान,अजय त्रिपाठी,भारती दुबे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
*आज के परिणाम बालिका वर्ग*
दिल्ली v/s बिहार में दिल्ली विजयी,मणिपुर v/s चंडीगढ़ में चंडीगढ़ विजयी, सीबीएसई वर्सेस जम्मू कश्मीर में सीबीएसई विजेता, दिल्ली वर्सेस छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ विजेता, मणिपुर वर्सेस चंडीगढ़ में चंडीगढ़ विजेता, सीबीएसई वर्सेस तमिलनाडु में सीबीएसई विजेता,
पंजाब वर्सेस गुजरात में पंजाब विजयी, महाराष्ट्र वर्सेस गुजरात में महाराष्ट्र विजयी,विद्या भारती वर्सेस आंध्र प्रदेश में विद्या भारती विजेता, हरियाणा वर्सेस तेलंगाना में हरियाणा विजेता, आंध्र प्रदेश वर्सेस मध्य प्रदेश में मध्य प्रदेश विजेता, तेलंगाना वर्सेस राजस्थान में राजस्थान विजेता रहा।