कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं*संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने दिए निर्देश ,,,,


समाचार
*कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं*

*संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने दिए निर्देश*
बिलासपुर, 6 अक्टूबर 2026/कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम श्री शिवकुमार बनर्जी एवं अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।    
   जनदर्शन में बेलतरा तहसील के ग्राम परसदा के ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि खारून नदी को कुछ लोगों द्वारा राखड़ से पाटा जा रहा है। ग्रामीणों ने इसे पर्यावरण की दृष्टि से नुकसानदेह बताते हुए कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने एसडीएम बिलासपुर को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बेलगहना तहसील के ग्राम कोनचरा निवासी धनबाई गंधर्व ने तहसीलदार द्वारा ऋण पुस्तिका प्रदान करने में आनाकानी किए के जाने के संबंध में ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि ऋण पुस्तिका के लिए वे कई बार कार्यालय के चक्कर लगा चुकी हैं। कलेक्टर ने एसडीओ राजस्व कोटा को ऋण पुस्तिका उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सिरगिट्टी निवासी सुरेश साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित आवास की अंतिम किस्त का भुगतान दिलाने का आग्रह किया। वार्ड कार्यालय और नगर निगम में शिकायत के बाद भी भुगतान नहीं होने का लिखित कारण नहीं बताया गया। उन्होंने अंतिम किस्त दिलाने की मांग की। 
   नगर पंचायत मल्हार के वार्ड क्रमांक 10 निवासी रामचरण कैवर्त ने आगजनी की घटना में हुए नुकसान के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। उन्होंने बताया कि 19 फरवरी 2026 की रात करीब 11.30 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण उनके घर और दुकान में भीषण आग लग गई। उन्होंने करीब 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान होने की जानकारी देते हुए प्रशासन से मुआवजे की मांग की। ग्राम बोडसरा के किसानों ने गांव के अस्पताल के पास स्थित ट्रांसफार्मर पिछले एक महीने से खराब होने की जानकारी दी। किसानों ने बताया कि जेई बरतोरी और एई बिल्हा को कई बार सूचना देने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से कृषि पंप नहीं चल पा रहे हैं और पेयजल के साथ धान की फसल भी प्रभावित हो रही है। किसानों ने जल्द ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभाग प्रमुखों को भेजते हुए नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post